राजस्थान: एसीबी ने रिश्वत लेने के एक मामले में फरार पटवारी को गिरफ्तार किया
राजस्थान: एसीबी ने रिश्वत लेने के एक मामले में फरार पटवारी को गिरफ्तार किया
जयपुर, 28 जुलाई (भाषा) राजस्थान के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने 30 लाख रुपये रिश्वत के एक मामले में कई महीनों से फरार चल रहे तत्कालीन पटवारी नरेंद्र मीणा को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एसीबी के अनुसार, सितंबर 2025 में एक शिकायतकर्ता ने शिकायत दी थी कि हाथोज क्षेत्र में जमीन के रिकॉर्ड में नाम चढ़वाने की एवज में तत्कालीन पटवारी नरेंद्र मीणा ने तत्कालीन तहसीलदार के नाम पर 50 लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।
ब्यूरो ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें आरोपों की पुष्टि हुई।
एजेंसी ने बताया कि इसके बाद आरोपी 30 लाख रुपये रिश्वत लेने पर सहमत हुआ और यह राशि कथित मध्यस्थ विकास शर्मा के माध्यम से ली जानी थी।
एसीबी ने 21 सितंबर 2025 को जाल बिछाया और विकास शर्मा को 30 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया लेकिन मुख्य आरोपी नरेंद्र मीणा मौके से फरार हो गया।
ब्यूरो के बयान के अनुसार, जांच में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा सात और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
एसीबी ने आरोपी को पेश होने के लिए नोटिस जारी किए लेकिन वह फरार रहा।
एसीबी की टीम ने मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, एक अन्य मामले में एसीबी की टीम ने फर्जी मेडिकल पेंशनर्स डायरी प्रकरण में फरार आरोपी जयप्रकाश उर्फ जे.पी. को भी गिरफ्तार कर लिया।
भाषा पृथ्वी जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


