राजस्थान : दौसा में ड्यूटी के दौरान महिला थाने के एएसआई की मौत

राजस्थान : दौसा में ड्यूटी के दौरान महिला थाने के एएसआई की मौत

राजस्थान : दौसा में ड्यूटी के दौरान महिला थाने के एएसआई की मौत
Modified Date: July 19, 2026 / 03:58 pm IST
Published Date: July 19, 2026 3:58 pm IST

जयपुर, 19 जुलाई (भाषा) राजस्थान के दौसा जिले में महिला थाने में तैनात एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

महिला थाने के प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि शनिवार रात थाने में रात्रिकालीन अधिकारी (नाइट ऑफिसर) के रूप में ड्यूटी कर रहे एएसआई गिरधारी लाल मीणा (56) ने सांस लेने में तकलीफ और बेचैनी की शिकायत की।

उन्होंने बताया, ‘‘कुछ ही देर में उनकी हालत और बिगड़ गई तथा वह बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।’’

अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया उनकी मौत का कारण दिल का दौरा पड़ना माना जा रहा है। हालांकि, मृत्यु के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

अलवर जिले के हमीरपुर गांव के निवासी मीणा करीब 35 वर्षों से पुलिस विभाग में सेवाएं दे रहे थे। उनके परिवार में एक पुत्र और तीन पुत्रियां हैं।

अधिकारियों ने बताया कि रविवार सुबह पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने दिवंगत एएसआई को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनका शव परिजनों को सौंप दिया। परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव को उनके पैतृक गांव ले गए।

भाषा

बाकोलिया रवि कांत


लेखक के बारे में