राजस्थान: जयपुर में अधिकारी पर हमले का मामला, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
राजस्थान: जयपुर में अधिकारी पर हमले का मामला, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
जयपुर, 27 सितंबर (भाषा) राजस्थान के जयपुर में उद्योग विभाग के एक अधिकारी पर हमला करने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि उद्योग विभाग में अधिकारी डॉ. मदन यादव पर 18 सितंबर को उनके आवास के पास कथित तौर पर हमला किया गया था।
यादव ने बताया कि छह लोगों द्वरा किये गये हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई और उन्हें 24 टांके लगे।
पुलिस ने बताया कि इस घटना के संबंध में नारायण विहार थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
यादव ने आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और परिवार की सुरक्षा की मांग को लेकर मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को लिखित शिकायत दी है।
उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
यादव ने आरोप लगाया कि घटना के कई दिन बाद भी किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखा।
एक बयान के अनुसार, 26 सितंबर को लिखे पत्र में गहलोत ने यादव द्वारा जताई गई सुरक्षा संबंधी चिंताओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष और प्रभावी जांच सुनिश्चित करने तथा उन्हें राहत व न्याय दिलाने का आग्रह किया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
भाषा बाकोलिया जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


