राजस्थान: कांग्रेस विधायकों के हंगामे के कारण विधानसभा की कार्यवाही दो बार स्थगित

राजस्थान: कांग्रेस विधायकों के हंगामे के कारण विधानसभा की कार्यवाही दो बार स्थगित

राजस्थान: कांग्रेस विधायकों के हंगामे के कारण विधानसभा की कार्यवाही दो बार स्थगित
Modified Date: August 21, 2026 / 05:30 pm IST
Published Date: August 21, 2026 5:30 pm IST

जयपुर, 21 अगस्त (भाषा) राजस्थान में कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा में नियमित द्वार से प्रवेश नहीं करने देने के मुद्दे पर शुक्रवार को सदन में हंगामा किया, जिसके कारण दो बार कार्यवाही स्थगित की गई।

पूर्वाह्न 11 बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने बृहस्पतिवार को हुई इस घटना का मुद्दा उठाया।

उन्होंने इसकी जांच करवाने की मांग करते हुए कहा कि विपक्ष जनता के मुद्दों को उठाना चाहता है।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने उन्हें बोलने की अनुमति नहीं दी और कहा कि प्रश्नकाल के बाद इस पर बात होगी।

इस बीच कांग्रेस के सदस्य उठकर नारेबाजी करने लगे।

उन्होंने ‘ सरकार भगोड़ी है’ के नारे लगाए तो सत्ता पक्ष की ओर से इस पर विरोध जताया गया और सदन में हंगामा शुरू हो गया।

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने सदस्यों से शांत रहने और कार्यवाही चलने देने की अपील की लेकिन ऐसा न होते देख उन्होंने कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

बारह बजे जब सदन की कार्यवाही पुन: शुरू हुई तो कांग्रेस के विधायकों ने नारेबाजी व हंगामा फिर शुरू कर दिया। अध्यक्ष देवनानी ने सदस्यों से शून्यकाल की कार्यवाही चलने देने की अपील की।

नेता प्रतिपक्ष जूली ने कुछ बोलना चाहा तो देवनानी ने कहा कि वह शून्यकाल के बाद दोनों पक्षों को बोलने का अवसर देंगे।

देवनानी ने हंगामे के बीच ही कार्यवाही को आगे बढ़ाने का प्रयास किया लेकिन फिर उन्होंने कार्यवाही एक बजे तक के लिए स्थगित कर दी। पहली बार लगभग पांच मिनट तो दूसरी बार लगभग 20 मिनट कार्यवाही चली।

तीसरी बार कार्यवाही शुरू हुईस तब भी कांग्रेस के विधायकों की नारेबाजी जारी रही। इस बीच सदन में कई विधायी कार्य पूरे किए गए। सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक पेश किया । अध्यक्ष देवनानी ने कांग्रेस के सदस्यों से कई बार सीट पर लौटने और कार्यवाही में भाग लेने की अपील की, लेकिन वे नारेबाजी करते रहे और नेता प्रतिपक्ष जूली ने बहिर्गमन करने की घोषणा की।

विधायी कार्य निपटाए जाने और कांग्रेस के बहिर्गमन के बाद संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि कांग्रेस में आपसी खींचतान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायकों ने मीडिया के सामने गलत बयानबाजी की। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता देख रही है।

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि विधानसभा का गेट नंबर छह आज भी खुला है और कल भी खुला था।

उन्होंने कहा कि इस मुख्य गेट से सामूहिक रूप से अंदर आने की अनुमति न पहले थी न आगे दी जाएगी।

उन्होंने कांग्रेस के कुछ विधायकों के गेट पर चढ़ने से जुड़ी घटना पर अफसोस जताया।

इसके बाद सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई।

इसके पहले कांग्रेस के विधायकों ने विधानसभा परिसर में कई मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी और प्रदर्शन किया।

कांग्रेस के विधायक बृहस्पतिवार को भी सदन की कार्यवाही में शामिल नहीं हुए थे।

भाषा पृथ्वी जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में