राजस्थान: भाजपा ने अजेय कुमार को प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया
राजस्थान: भाजपा ने अजेय कुमार को प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया
जयपुर, एक जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय नेतृत्व ने अजेय कुमार को राजस्थान इकाई का महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया।
भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़ एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नियुक्ति पर अजेय कुमार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अजेय कुमार, भाजपा के वरिष्ठ संगठनकर्ता एवं भाजपा की उत्तराखंड इकाई के प्रदेश महामंत्री (संगठन) हैं।
राठौड़ ने सोमवार को एक बयान में कहा कि अजेय कुमार का संगठनात्मक अनुभव, कार्यकर्ताओं के प्रति समर्पण और कुशल नेतृत्व राजस्थान में भाजपा संगठन को नई ऊर्जा एवं मजबूती प्रदान करेगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अजेय के मार्गदर्शन में पार्टी का राजस्थान संगठन नई ऊंचाइयों छुएगा और संगठन विस्तार व जनसेवा के कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राजस्थान जैसे राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रदेश में प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार की नियुक्ति उनके संगठनात्मक कौशल, प्रभावी नेतृत्व क्षमता और परिणाम देने वाली कार्यशैली की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति है।
पार्टी द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, राजनीतिक एवं संगठनात्मक क्षेत्रों में अजेय कुमार को कुशल संगठनकर्ता के रूप में जाना जाता है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में 1997 में श्रीनगर गढ़वाल से सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने वाले अजेय कुमार ने संघ और भाजपा संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है।
श्रीनगर, हरिद्वार एवं हल्द्वानी में नगर प्रचारक, ऊधमसिंह नगर में जिला प्रचारक और अल्मोड़ा विभाग के विभाग प्रचारक के रूप में कार्य करने के बाद उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद एवं बिजनौर विभाग के विभाग प्रचारक के रूप में भी संगठन को मजबूत किया।
उन्हें वर्ष 2018 में भाजपा की पश्चिमी उत्तर प्रदेश इकाई का क्षेत्रीय महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया।
वर्ष 2019 से अब तक वह उत्तराखंड की भाजपा इकाई में महामंत्री (संगठन) के रूप में कार्यरत रहे हैं।
भाषा पृथ्वी जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


