राजस्थान : प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राठौड़ ने बजट पूर्व चर्चा की
राजस्थान : प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राठौड़ ने बजट पूर्व चर्चा की
जयपुर, 24 जनवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने शुक्रवार को जयपुर में पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आर्थिक जगत के बुद्धिजीवी वर्ग के साथ बजट पूर्व परिचर्चा की और उनके सुझाव लिए।
राठौड़ ने कहा कि टैक्स उपभोक्ता देता है, ऐसे में हमें बजट में उपभोक्ता के हित में सोचना और विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के साथ हमारा सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्र कृषि है और हमें किसानों को मजबूत करने की दिशा में भी अहम कदम उठाना चाहिए।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आज की परिचर्चा में महत्वपूर्ण सुझाव आए, जिन्हें सूचीबद्ध कर सरकार तक पहुंचाया जाएगा और प्रयास किया जाएगा कि इन सुझावों को बजट में शामिल किया जाए।
राठौड़ ने कहा, “कृषि हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्र है। इस दिशा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फसल बीमा योजना, मृदा परीक्षण, ई-नाम जैसी अहम योजनाएं शुरू कीं। इनका उद्देश्य किसानों की आय दोगुनी करना है। किसान सशक्त और मजबूत होगा, तो हमारा राष्ट्र भी मजबूत होगा।”
भाषा
पृथ्वी पारुल
पारुल

Facebook


