राजस्थान : शहरी निकाय चुनाव से पहले भाजपा ने 25 ‘विजय रथ’ किए रवाना

Ads

राजस्थान : शहरी निकाय चुनाव से पहले भाजपा ने 25 ‘विजय रथ’ किए रवाना

  •  
  • Publish Date - August 30, 2026 / 10:27 PM IST,
    Updated On - August 30, 2026 / 10:27 PM IST

जयपुर, 30 अगस्त (भाषा) राजस्थान में आगामी शहरी निकाय चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार के लिए रविवार को 25 ‘विजय रथ’ रवाना किए।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पार्टी के प्रदेश मुख्यालय से इन प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजय कुमार और नगरीय निकाय चुनाव के सह-प्रभारी रोहन गुप्ता समेत कई नेता मौजूद रहे।

राठौड़ ने बताया कि राजस्थान की 25 लोकसभा सीटों में से प्रत्येक क्षेत्र में एक-एक प्रचार वाहन तैनात किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये वाहन नगरीय निकाय क्षेत्रों में भी पहुंचेंगे और लोगों को केंद्र तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी देंगे।

उन्होंने बताया कि इन वाहनों के साथ भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे, जो लोगों से संवाद करेंगे और पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा के बारे में जानकारी साझा करेंगे।

इस मौके पर सांसद मंजू शर्मा, कैबिनेट मंत्री झाबर सिंह खर्रा सहित भाजपा के कई नेता उपस्थित रहे।

भाषा

बाकोलिया रवि कांत