राजस्थान : सलूम्बर में रहस्यमयी बीमारी से बच्चों की मौत, जांच के लिए विशेषज्ञों की टीम गठित

राजस्थान : सलूम्बर में रहस्यमयी बीमारी से बच्चों की मौत, जांच के लिए विशेषज्ञों की टीम गठित

राजस्थान : सलूम्बर में रहस्यमयी बीमारी से बच्चों की मौत, जांच के लिए विशेषज्ञों की टीम गठित
Modified Date: April 7, 2026 / 12:38 am IST
Published Date: April 7, 2026 12:38 am IST

जयपुर, छह अप्रैल (भाषा) राजस्थान के सलूम्बर जिले के दो गांवों में रहस्यमयी बीमारी से पांच बच्चों की मौत के मामले में राज्य सरकार ने विशेषज्ञों की टीम गठित कर जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, आरएनटी मेडिकल कॉलेज-उदयपुर के चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम बनाकर प्रभावित गांवों में भेजा गया है, जो मामले की गहन जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। विशेषज्ञों की यह टीम बच्चों की मौत के कारणों का पता लगाने के साथ ही बीमारी की रोकथाम के उपाय भी सुनिश्चित करेगी।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को तत्काल स्थिति की जानकारी जुटाने, मौत के कारणों का पता लगाने और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सोमवार रात वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए मामले की समीक्षा की और संबंधित विभागों को प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि सलूम्बर सहित आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्यकर्मियों की टीम तैनात कर बुखार के लक्षण वाले बच्चों की गहन स्क्रीनिंग कराई जा रही है।

इसके अलावा, जिला प्रशासन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को भी स्थिति पर नजर बनाए रखने और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

भाषा

पृथ्वी रवि कांत


लेखक के बारे में