राजस्थान: मुख्यमंत्री शर्मा ने विद्यालय भवनों के गुणवत्तापूर्ण निर्माण पर जोर दिया
राजस्थान: मुख्यमंत्री शर्मा ने विद्यालय भवनों के गुणवत्तापूर्ण निर्माण पर जोर दिया
जयपुर, 15 सितंबर (भाषा) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को कहा कि विद्यार्थी हमारे देश के सुनहरे भविष्य हैं जिनकी सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
शर्मा ने विद्यालयों के निर्माण एवं मरम्मत का काम गुणवत्ता के उच्चतम मापदण्डों का पालन करते हुए करने के निर्देश दिए। साथ ही, इन कामों में जवाबदेही के लिए स्कूली शिक्षा विभाग में कार्यकारी एजेंसी की नियुक्ति करने के लिए भी निर्देशित किया।
मुख्यमंत्री ने यहां स्कूली शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं संस्कृत शिक्षा विभाग की बजट घोषणाओं की समीक्षा की। उन्होंने राजकीय विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में शैक्षणिक सुविधाओं तथा सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और विस्तार पर गहन चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आधिकारिक बयान के अनुसार शर्मा ने कहा कि विगत कुछ वर्षों में निर्मित शैक्षणिक संस्थानों के जीर्ण-क्षीर्ण और जर्जर होने पर उनके निर्माण कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट मंगवाकर जांच कराई जाए।
साथ ही, निर्मित होने वाले भवनों एवं मरम्मत कार्यों के खर्चों की सतत निगरानी की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि खराब कार्यों के संबंध में जवाबदेही को निर्माण कार्यों की प्रमुख शर्तों में शामिल किया जाए।
उन्होंने शैक्षणिक भवनों के मरम्मत संबंधी कार्यों के लिए डांग, मगरा, मेवात क्षेत्रीय विकास योजना के तहत अनुमत 20 प्रतिशत राशि का प्राथमिकता से उपयोग करने के विशेष दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने ‘हरियालो राजस्थान’ के तहत दुर्लभ प्रजातियों के रिकॉर्ड पौधे लगाने पर वर्ल्ड बुक रिकॉर्ड ऑफ लंदन का सर्टिफिकेट मुख्यमंत्री को प्रस्तुत किया।
भाषा पृथ्वी रंजन
रंजन

Facebook


