राजस्थान : जासूसी के आरोप में पकड़े गए युवक को अदालत ने पुलिस हिरासत में भेजा

राजस्थान : जासूसी के आरोप में पकड़े गए युवक को अदालत ने पुलिस हिरासत में भेजा

राजस्थान : जासूसी के आरोप में पकड़े गए युवक को अदालत ने पुलिस हिरासत में भेजा
Modified Date: June 17, 2026 / 01:21 pm IST
Published Date: June 17, 2026 1:21 pm IST

जयपुर, 17 जून (भाषा) पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों के लिए जासूसी करने के आरोपी एक व्यक्ति को जयपुर की एक अदालत ने बुधवार को पांच दिनों की पुलिस अभिरक्षा में भेज दिया। एक वकील ने यह जानकारी दी।

विशेष लोक अभियोजक सुदेश सतवान ने पत्रकारों को बताया कि आरोपी मुश्ताक अली (26) को राजस्थान के अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी-खुफिया) ने यहां एक विशेष अदालत में पेश किया तथा अदालत ने उसे 22 जून तक पुलिस अभिरक्षा में भेज दिया।

अधिकारियों ने बताया कि अदालत ले जाने से पहले आरोपी का जयपुरिया अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया ।

पुलिस के अनुसार सीआईडी (खुफिया) ने आगे की पूछताछ के लिए अदालत से सात दिन की अभिरक्षा मांगी थी।

उसने कहा कि सीआईडी (खुफिया) सीमा पार से कथित तौर पर चलाई जा रही जासूसी गतिविधियों पर कड़ी नजर रख रही है।

उसने बताया कि राजस्थान में जैसलमेर जिले के खारिया नाचणा इलाके में हिगोला की ढाणी का रहने वाला आरोपी अपनी गतिविधियों के कारण शक के घेरे में आ गया था।

पुलिस के मुताबिक उसे कल गिरफ्तार किया गया और अदालत में पेश किया गया।

पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि मुश्ताक पिछले दो साल से सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों के नुमाइंदों (हैंडलर) के संपर्क में था।

पुलिस के अनुसार पूछताछ और उसके मोबाइल फोन की जांच के दौरान पता चला कि उसे सीमावर्ती इलाके में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और भारतीय सेना की गतिविधियों पर नजर रखने का काम सौंपा गया था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने सीमा की ओर जाने वाली सड़क पर चाय की दुकान खोल रखी थी तथा वह इसकी आड़ में कथित तौर पर सुरक्षा बलों की गतिविधियों को देखता और रिकॉर्ड करता था।

पुलिस ने कहा कि आरोपी बीएसएफ और सेना की गतिविधियों की तस्वीरें खींचता और वीडियो रिकॉर्ड करता था तथा पैसे के बदले उन्हें पाकिस्तान भेजता था।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के बाद कई सुरक्षा और जांच एजेंसियों ने जयपुर में आरोपी से संयुक्त पूछताछ की। अधिकारियों ने बताया कि उसके नेटवर्क और अन्य संभावित संपर्कों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

भाषा पृथ्वी मनीषा राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में