राजस्थान दिवस 2026 : कार्यक्रमों की शुरुआत 14 मार्च से, मुख्य समारोह 19 को जालोर में

Ads

राजस्थान दिवस 2026 : कार्यक्रमों की शुरुआत 14 मार्च से, मुख्य समारोह 19 को जालोर में

  •  
  • Publish Date - March 11, 2026 / 01:32 PM IST,
    Updated On - March 11, 2026 / 01:32 PM IST

जयपुर, 11 मार्च (भाषा) इस साल भी ‘राजस्थान दिवस’ चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को मनाया जाएगा और इसके कार्यक्रमों की शुरुआत 14 मार्च से होगी। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए कहा कि मुख्य समारोह 19 मार्च को जालोर में होगा।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर पिछले वर्ष से चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर राजस्थान दिवस मनाने की शुरूआत की गई थी, इसी क्रम में इस बार भी राज्य सरकार चैत्र शुक्ल प्रतिपदा (19 मार्च) को राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम एवं आयोजन करेगी।

उन्होंने बताया कि राज्य भर में 14 मार्च से कार्यक्रमों की शुरुआत सात दिवसीय स्वच्छता सप्ताह से होगी।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि इस दौरान जयपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम और सभी जिलों में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होंगे।

इसमें कहा गया, ‘‘15 मार्च को जयपुर में राज्य स्तरीय ‘विकसित राजस्थान रन’ का आयोजन होगा, जिसे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसी दिन ‘राजस्थान को जानें’ डिजिटल प्रतियोगिता भी आयोजित होगी।’’

बयान में कहा गया कि विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में निबंध, भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। शाम को दिल्ली के बीकानेर हाउस में पांच दिवसीय ‘राजस्थान दिवस’ की शुरुआत होगी।

इसमें कहा गया, ‘‘16 मार्च को डूंगरपुर के बेणेश्वर धाम में ‘राजस्थान जनजातीय गौरव दिवस’ मनाया जाएगा। इस दौरान विकास कार्यों का शिलान्यास, जनजातीय कला और हस्तशिल्प प्रदर्शनी, तथा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 मार्च को जयपुर में ‘राजस्थान युवा शक्ति दिवस’ मनाते हुए राज्य स्तरीय युवा सम्मेलन होगा।’’

बयान में कहा गया कि 18 मार्च को किसान एवं पशुपालक समृद्धि दिवस मनाया जाएगा, और शाम को राजकीय मंदिरों में महाआरती आयोजित की जाएगी, जिसमें मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।

इसमें कहा गया कि राजस्थान दिवस का मुख्य समारोह 19 मार्च को जालोर में आयोजित होगा और लाभार्थी सम्मेलन में लाभार्थियों के साथ संवाद व प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण किया जाएगा। शाम को जयपुर में राज्य स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

भाषा पृथ्वी खारी

खारी