जयपुर, 11 अगस्त (भाषा) जयपुर के वैशाली नगर इलाके में सोमवार देर रात एक अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल स्थित फ्लैट में आग लग गई। हालांकि, मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया और फ्लैट में फंसे एक ही परिवार के सात सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, राजेंद्र नगर में सिरसी रोड स्थित मुस्कान रेजीडेंसी के एक फ्लैट में आग लगी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि अपार्टमेंट के अन्य निवासी आग की लपटें देखकर बाहर निकल आए, लेकिन परिवार के सात सदस्य तीसरी मंजिल स्थित फ्लैट में फंस गए। फ्लैट में धुआं भर जाने के कारण उनके लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया था।
सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिसकर्मियों और दमकलकर्मियों ने धुएं से भरे फ्लैट में प्रवेश कर परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला।
अधिकारियों ने बताया कि चलने में असमर्थ एक बुजुर्ग महिला को पुलिसकर्मी गोद में उठाकर फ्लैट से बाहर लाए।
पुलिस के अनुसार, बाद में आग पर काबू पा लिया गया।
भाषा बाकोलिया धीरज
धीरज