राजस्थान : एनीकट में डूबने से तीन भाई-बहन समेत चार लोगों की मौत

राजस्थान : एनीकट में डूबने से तीन भाई-बहन समेत चार लोगों की मौत

राजस्थान : एनीकट में डूबने से तीन भाई-बहन समेत चार लोगों की मौत
Modified Date: July 12, 2026 / 05:42 pm IST
Published Date: July 12, 2026 5:42 pm IST

जयपुर, 12 जुलाई (भाषा) राजस्थान के डूंगरपुर जिले में रविवार को एनीकट में कथित तौर पर डूबने से तीन भाई-बहन समेत एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य को सुरक्षित बचा लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह हादसा धंबोला थाना क्षेत्र के बड़ी गांव में हुआ, जहां एक ही परिवार के छह युवक-युवतियां स्कूल मैदान के पास स्थित एनीकट में नहाने गए थे।

पुलिस के मुताबिक, एनीकट में नहाने के दौरान हीना (24), उसका भाई प्रतीक (20), बहन इशिता (15) और चचेरा भाई रौनक (20) (जो गुजरात के पालनपुर का निवासी था) कथित तौर पर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

पुलिस के अनुसार, चारों की चीख-पुकार सुनकर वहां से गुजर रहे स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें बचाने का प्रयास किया।

पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों ने राजवीर और जयसिंह नामक दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण हीना, प्रतीक, इशिता और रौनक की डूबने से मौत हो गई।

उसने बताया कि बाद में ग्रामीणों की मदद से चारों शव को बाहर निकालकर सिमलवाड़ा अस्पताल के मुर्दाघर भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि बचाए गए युवकों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

भाषा

बाकोलिया पारुल

पारुल


लेखक के बारे में