जयपुर, 17 अप्रैल (भाषा) राजस्थान पुलिस के आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) और स्थानीय थाना पुलिस के संयुक्त अभियान में हनुमानगढ़ जिले में अवैध आधार सेंटर पर छापेमारी कर फर्जी तरीके से आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपी कुलदीप शर्मा कथित तौर पर जाली ‘बायोमेट्रिक डेटा’ का उपयोग करके फर्जी आधार कार्ड बना रहा था।
उन्होंने बताया कि खुफिया सूचना मिलने पर यह कार्रवाई भादरा कस्बे में की गई।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एटीएस) दिनेश एम.एन. ने बताया कि आरोपी कुलदीप शर्मा जसवंत और आमिर खान नाम के अन्य व्यक्तियों की ऑपरेटर आईडी का अवैध उपयोग कर रहा था।
उन्होंने बताया कि पुलिस को मौके से लाल और सफेद रंग के रबर पर बने डमी ‘फिंगरप्रिंट’ मिले, जिनका उपयोग लॉगिन के लिए किया जाता था।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने कागज पर आंखों की रेटिना की फोटो प्रतियां रखी हुई थीं, जिन्हें आईरिस डिवाइस के सामने रखकर बायोमेट्रिक प्रणाली को चकमा दिया जाता था।
उन्होंने बताया कि आरोपी नामांकन रसीदों पर जसवंत और आमिर खान के फर्जी हस्ताक्षर भी स्वयं कर रहा था।
अधिकारी के अनुसार, जांच में सामने आया कि इस तरह फर्जी तरीके से बनाए गए आधार कार्ड का उपयोग राष्ट्र विरोधी गतिविधियों, फर्जी सिम कार्ड जारी करवाने और साइबर अपराधों के लिए फर्जी बैंक खाते खुलवाने में किया जा सकता था।
पुलिस ने मौके से एक लैपटॉप, प्रिंटर, आईरिस डिवाइस, फिंगरप्रिंट डिवाइस, जीपीएस डिवाइस, फिंगरप्रिंट डाई, कैमरा और आरोपी का मोबाइल जब्त किया है।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी कुलदीप शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी अधिनियम की सम्बंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। भाषा पृथ्वी जितेंद्र
जितेंद्र