राजस्थान: घूस प्रकरण में आईएएस अधिकारी गिरफ्तार

राजस्थान: घूस प्रकरण में आईएएस अधिकारी गिरफ्तार

राजस्थान: घूस प्रकरण में आईएएस अधिकारी गिरफ्तार
Modified Date: November 29, 2022 / 08:21 pm IST
Published Date: December 23, 2020 2:30 pm IST

जयपुर, 23 दिसंबर (भाषा) राजस्‍थान भ्रष्‍टाचार निरोधक ब्‍यूरो (एसीबी) ने आईएएस अधिकारी और बारां जिले के पूर्व कलेक्‍टर इंद्र सिंह राव को बुधवार को रिश्‍वत लेने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

एसीबी की टीम ने गत नौ दिसंबर को बारां के तत्‍कालीन जिला कलेक्टर इंद्र सिंह के निजी सहायक (पीए) को पेट्रोल पम्प का अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) जारी करने की ऐवज में 1.40 लाख रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था।

इस मामले में कलेक्‍टर की भूमिका संदिग्‍ध होने पर राज्‍य सरकार ने उसी रात उन्‍हें उनके पद से हटा कर पदस्‍थापन की प्रतीक्षा (एपीओ) में रख दिया था।

ब्यूरो के महानिदेशक बीएल सोनी ने बताया, ”उक्‍त मामले की जांच से तत्‍कालीन जिला कलेक्‍टर इंद्र सिंह राव के खिलाफ उनकी भूमिका के संबंध में पर्याप्‍त सबूत मिलने पर राव को बुधवार शाम गिरफ्तार कर लिया गया।”

उन्होंने कहा कि आरोपी अधिकारी के आवास पर तलाशी भी ली जा रही है।

भाषा पृथ्‍वी कुंज शफीक


लेखक के बारे में