राजस्थान : विद्यालय मैदान में खेलते समय नौ वर्षीय बच्ची की हृदयाघात से मौत

Ads

राजस्थान : विद्यालय मैदान में खेलते समय नौ वर्षीय बच्ची की हृदयाघात से मौत

  •  
  • Publish Date - February 26, 2026 / 02:55 PM IST,
    Updated On - February 26, 2026 / 02:55 PM IST

जयपुर, 26 फरवरी (भाषा) राजस्थान के नागौर जिले के एक निजी विद्यालय में नौ वर्षीय बच्ची की कथित तौर पर खेलते समय अचानक गिरने से मौत हो गयी। चिकित्सकों के मुताबिक मौत का कारण हृदय गति रुकना हो सकता है।

यह घटना 23 फरवरी की सुबह गोटन कस्बे में हुई।

विद्यालय के निदेशक रामकुंवार ओला ने बताया कि पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाली दिव्या बापेडिया तालनपुर की रहने वाली थी। सामान्य दिनों की तरह 23 फरवरी की सुबह विद्यालय आई थी। उन्होंने बताया कि प्रार्थना होने में कुछ समय बचा था तथा इस दौरान दिव्या और कुछ बच्चे मैदान में खेल रहे थे। खेलते समय अचानक दिव्या बेहोश होकर मैदान में गिर गई।

उन्होंने बताया कि विद्यालय कर्मचारी उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

चिकित्सकों ने बताया कि मौत का कारण हृदय गति रुकना होने की आशंका है।

घटना का सीसीटीवी फुटेज बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें दिव्या को गिरने से कुछ क्षण पहले खेलते हुए देखा जा सकता है।

गोटन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. सुखराम ने बताया कि बच्ची के शरीर पर कोई बाहरी चोट भी नहीं थी। प्रारंभिक जांच में हृदयाघात को ही मौत का संभावित कारण माना गया।

परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। शव परिजनों को सौंप दिया गया।

भाषा बाकोलिया प्रशांत

प्रशांत