राजस्थान: जयपुर में जुटेंगे देश भर के नाक व गला रोग विशेषज्ञ, नए अनुसंधानों पर होगी चर्चा
राजस्थान: जयपुर में जुटेंगे देश भर के नाक व गला रोग विशेषज्ञ, नए अनुसंधानों पर होगी चर्चा
जयपुर, 22 सितंबर (भाषा) राजस्थान के जयपुर में इस सप्ताह देश भर के कान, नाक, गला (ईएनटी) रोग विशेषज्ञ जुटेंगे तथा नए अनुसंधान व आधुनिक चिकित्सा तकनीकों पर विचार-विमर्श करेंगे। आयोजकों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। आयोजकों के अनुसार, इंडियन एकेडमी ऑफ ओटोलरींगोलॉजी एंड हेड नेक सर्जरी (आईएओएचएनएस) की 12वीं राष्ट्रीय कांफ्रेंस 24 से 27 सितंबर तक जयपुर में आयोजित होगी, जिसमें देश-विदेश के कान, नाक और गला रोग विशेषज्ञ तथा वैज्ञानिक हिस्सा लेंगे।
सम्मेलन के चेयरमैन (साइंटिफिक) डॉ. पवन सिंघल ने बताया कि इस सम्मेलन में नवाचार, नए अनुसंधान और आधुनिक चिकित्सा तकनीकों पर विशेष जोर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मरीजों की जांच, शल्य चिकित्सा और उपचार को अधिक आसान, सुलभ व किफायती बनाने के लिए नए विकल्पों पर चर्चा होगी।
सिंघल ने बताया कि सम्मेलन में विशेष रूप से युवा चिकित्सकों, स्नातकोत्तर विद्यार्थियों, नए चिकित्सकों और मेडिकल कॉलेजों में नियुक्त नए शिक्षकों के ज्ञानवर्धन पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, ताकि वे नए शोध, नवाचार एवं आधुनिक उपचार विधियों से परिचित हो सकें।
सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के कान, नाक, गला रोग विभाग के वरिष्ठ आचार्य डॉ. सिंघल ने बताया कि सम्मेलन की शुरुआत 24 सितंबर को एसएमएस मेडिकल कॉलेज में एक कार्यशाला से होगी और इसमें जाने-माने सर्जन डॉ. सतीश जैन व डॉ. संपत चंद प्रसाद राव के सत्र होंगे।
भाषा पृथ्वी जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


