राजस्थान: 24 घंटे से पानी की टंकी पर डटे एनएसयूआई नेता, आज से करेंगे भूख हड़ताल
राजस्थान: 24 घंटे से पानी की टंकी पर डटे एनएसयूआई नेता, आज से करेंगे भूख हड़ताल
जयपुर, 31 जुलाई (भाषा) राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के तीन नेता पिछले 24 घंटे से यहां एक ऊंची पानी की टंकी पर धरना दे रहे हैं।
प्रदर्शनकारी विजयपाल, वियोना जाट और कौशेन खान बृहस्पतिवार सुबह गांधीनगर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में टोंक फाटक पुल के निकट स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए थे।
एनएसयूआई के प्रवक्ता रमेश भाटी ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से अब तक वार्ता शुरू नहीं किए जाने के कारण तीनों प्रदर्शनकारी शुक्रवार से टंकी पर ही अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे।
कांग्रेस से संबद्ध छात्र संगठन एनएसयूआई राज्य में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग कर रहा है। प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव कुछ वर्ष पहले स्थगित कर दिए गए थे।
जिला प्रशासन और पुलिस ने फोन के माध्यम से कई बार प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे टंकी से नीचे उतरने को तैयार नहीं हुए।
पानी की टंकी के पास पुलिस बल तैनात है। वहां बड़ी संख्या में एनएसयूआई के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भी एकत्र हैं।
भाषा बाकोलिया खारी
खारी

Facebook


