जयपुर, एक मई (भाषा) राजस्थान पुलिस के एक कांस्टेबल को मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त पाए जाने के बाद सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी ।
अधिकारियों ने बताया कि प्रतापगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त पाए गए पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया है।
जानकारी के अनुसार 24 अप्रैल को थाना पिण्डवाड़ा, जिला सिरोही में पुलिस ने 244 ग्राम अवैध स्मैक के परिवहन के आरोप में प्रतापगढ़ जिले में पदस्थापित कांस्टेबल विनोद सिंह को गिरफ्तार किया था। आरोपी के खिलाफ स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज किया गया।
प्रारंभिक जांच और विभागीय परीक्षण में कांस्टेबल विनोद सिंह, मादक पदार्थ तस्करी जैसे गंभीर अपराध में संलिप्त पाया गया। विभाग ने इसे सेवा आचरण नियमों का गंभीर उल्लंघन और नैतिक अधमता का कृत्य माना।
आधिकारिक बयान के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी कांस्टेबल विनोद सिंह को बृहस्पतिवार को राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम 19(2) के तहत सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।
भाषा पृथ्वी अविनाश मनीषा
मनीषा