राजस्थान : सांभर लेक के थाना प्रभारी 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

राजस्थान : सांभर लेक के थाना प्रभारी 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

राजस्थान : सांभर लेक के थाना प्रभारी 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार
Modified Date: September 13, 2026 / 03:39 pm IST
Published Date: September 13, 2026 3:39 pm IST

जयपुर, 13 सितंबर (भाषा) राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रविवार को जयपुर ग्रामीण के सांभर लेक के थाना प्रभारी एवं पुलिस निरीक्षक राममिलन मीणा को 50 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि आरोपी पुलिस निरीक्षक ने शिकायतकर्ता से कथित तौर पर रिश्वत मांगी थी। उसने यह रकम शिकायतकर्ता के पिता के नाम की फर्म को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से मिले सड़क निर्माण कार्य को थाना क्षेत्र में निर्बाध रूप से जारी रखने के एवज में मांगी थी।

शिकायत के मुताबिक, रिश्वत नहीं देने पर निर्माण स्थल पर लगे वाहनों को जब्त कर और कर्मचारियों को थाने ले जाकर परेशान किया जा रहा था।

एसीबी जयपुर नगर-प्रथम इकाई ने शिकायत का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान यह पाया गया कि आरोपी ने 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।

इसके बाद रविवार को कार्रवाई की गई जिसमें मीणा को थाना प्रभारी कक्ष में शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ और आगे की कार्रवाई जारी है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी।

एसीबी के महानिदेशक ने लोगों से भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत एसीबी के टोल फ्री नंबर और व्हाट्सऐप हेल्पलाइन नंबर पर कर सकते हैं।

भाषा बाकोलिया नेत्रपाल सुरभि आशीष

आशीष


लेखक के बारे में