राजस्थान: फर्जी डिग्री से नौकरी पाने के आरोप में स्कूल व्याख्याता गिरफ्तार
राजस्थान: फर्जी डिग्री से नौकरी पाने के आरोप में स्कूल व्याख्याता गिरफ्तार
जयपुर, 30 अप्रैल (भाषा) राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने फर्जी डिग्री के आधार पर नौकरी पाने के आरोप में एक स्कूल व्याख्याता को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अतिरिक्त महानिदेशक (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि आरोपी अशोक कुमार यादव (33) जयपुर जिले के चोमू क्षेत्र के कालाडेरा का निवासी है और उसे बुधवार रात गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि यादव वर्तमान में सीकर जिले के दिवराला स्थित शहीद गजराज सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में व्याख्याता (कृषि विज्ञान) के पद पर कार्यरत है।
यह मामला राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्राध्यापक (कृषि विज्ञान) प्रतियोगी परीक्षा-2022 से संबंधित है।
भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं की शिकायतों के बाद एसओजी ने मार्च 2026 में मामला दर्ज किया था।
बंसल ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि आवेदन के समय आरोपी के पास आवश्यक शैक्षणिक योग्यता नहीं थी लेकिन उसने जाली प्रमाणपत्रों के आधार पर नौकरी प्राप्त कर ली।
अधिकारियों के अनुसार, यादव ने ओपीजेएस विश्वविद्यालय के अधिकारियों के साथ कथित मिलीभगत कर बीएड (2020–22) और एमएससी (कृषि, एग्रोनॉमी) (2018–20) की पिछली तारीखों वाली फर्जी अंकतालिकाएं हासिल कीं और उन्हें अपने आवेदन में प्रस्तुत किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को बृहस्पतिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पूछताछ के लिए पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
भाषा पृथ्वी जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


