राजस्थान: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बस और ट्रक की टक्कर में सात लोगों की मौत, कई अन्य घायल
राजस्थान: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बस और ट्रक की टक्कर में सात लोगों की मौत, कई अन्य घायल
जयपुर, एक जुलाई (भाषा) राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक बस के ट्रक से टकरा जाने के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई जिसमें सात लोगों की मौत हो गई और कम से कम 15 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा कोलवा थाना क्षेत्र में धनावड़ा के पास हुआ।
दौसा के पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि हादसे में पांच लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘उत्तराखंड के ऋषिकेश से इंदौर जा रही हंस ट्रेवल्स की बस दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर आगे चल रहे एक ट्रक से टकरा गई।’’
टक्कर के बाद बस और ट्रक दोनों में आग लग गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
उन्होंने बताया कि घायलों को सुरक्षित निकालकर उपचार के लिए दौसा जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचीं तथा राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। बाद में आग पर काबू पा लिया गया।
भाषा बाकोलिया खारी
खारी

Facebook


