राजस्थान: सिंचाई के लिए पानी की मांग को लेकर प्रदर्शन करने जा रहीं विधायक समेत कई लोग हिरासत में

राजस्थान: सिंचाई के लिए पानी की मांग को लेकर प्रदर्शन करने जा रहीं विधायक समेत कई लोग हिरासत में

राजस्थान: सिंचाई के लिए पानी की मांग को लेकर प्रदर्शन करने जा रहीं विधायक समेत कई लोग हिरासत में
Modified Date: September 27, 2026 / 08:39 pm IST
Published Date: September 27, 2026 8:39 pm IST

जयपुर, 27 सितंबर (भाषा) राजस्थान के अनूपगढ़ में सिंचाई के लिए पानी की मांग को लेकर प्रदर्शन करने जा रहीं कांग्रेस विधायक शिमला नायक समेत कई किसानों और पार्टी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रविवार को हिरासत में ले लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सूरतगढ़ दौरे के दौरान प्रदर्शन के लिए विधायक के नेतृत्व में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता काले झंडे लेकर जा रहे थे।

पुलिस ने उन्हें घग्घर नदी पुल के पास रोक लिया।

पिछले कई दिनों से अनूपगढ़ क्षेत्र के किसान सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

विधायक शिमला नायक भी किसानों के साथ मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान विरोध दर्ज कराने सूरतगढ़ जा रही थीं।

अधिकारियों ने बताया कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने अवरोधक पार करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई।

पुलिस ने इसके बाद नायक समेत कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर अनूपगढ़ की एक धर्मशाला पहुंचाया।

मौके पर पुलिस उपाधीक्षक जयप्रकाश बेनीवाल समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया।

नायक ने कहा कि किसान सिंचाई के लिए पानी की मांग को लेकर कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री के सामने काले झंडे दिखाकर विरोध दर्ज कराने जा रही थीं, लेकिन प्रशासन ने उन्हें रास्ते में रोककर हिरासत में ले लिया।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने नायक की हिरासत की निंदा की और अनूपगढ़ तथा घड़साना के किसानों की मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

गहलोत ने ‘एक्स’ पर कहा कि जब कांग्रेस विधायक किसानों की मांगों के समर्थन में आवाज उठा रही हैं, तब सरकार ने उन्हें हिरासत में लिया है।

उन्होंने नायक को तत्काल रिहा करने और सिंचाई के लिए पानी समेत किसानों की मांगों का समाधान करने का आग्रह किया।

भाषा बाकोलिया जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में