राजस्थान : बालोतरा में तेज रफ्तार एसयूवी ट्रक से टकराई; पांच की मौत, तीन घायल

Ads

राजस्थान : बालोतरा में तेज रफ्तार एसयूवी ट्रक से टकराई; पांच की मौत, तीन घायल

  •  
  • Publish Date - July 13, 2026 / 11:39 AM IST,
    Updated On - July 13, 2026 / 11:39 AM IST

जयपुर, 13 जुलाई (भाषा) राजस्थान के बालोतरा जिले में बाड़मेर-जोधपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, हादसा भाड़ियावास गांव के पास हुआ, जब तेज रफ्तार से जा रही एक एसयूवी आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एसयूवी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए।

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने चीख-पुकार सुनकर घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और सभी घायलों व मृतकों को बालोतरा के राजकीय नाहटा अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को जोधपुर रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान दो और लोगों की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान बालोतरा जिले के कानोड़ गांव निवासी रेवानताराम (26), स्वरूप राम (27), भरत (25), किशन (27) और भावेश के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, हादसे में घायल तीन अन्य लोगों का इलाज जारी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

भाषा बाकोलिया मनीषा

मनीषा