अरियालुर (तमिलनाडु), 13 जुलाई (भाषा) तमिलनाडु के अरियालुर जिले में जयंकोंडम के निकट एक गांव में सरकारी स्कूल की वर्दी पहने छात्रों और स्थानीय लोगों ने राज्य सरकार की टीएएसएमएसी शराब दुकान को तत्काल बंद करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प भी हुई।
अधिकारियों के अनुसार, 11 जुलाई को कोडाली गांव में हुए प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने शराब की दुकान के बाहर लगाए गए बैरिकेड तोड़ दिए और दुकान पर पथराव किया, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
पुलिस ने बताया कि ग्रामीणों और छात्रों ने अनैक्कराई-जयंकोंडम मार्ग पर तीन घंटे से अधिक समय तक चक्का जाम किया। उनका आरोप था कि रिहायशी इलाके और स्कूल जाने वाले रास्ते के पास शराब की दुकान होने से महिलाओं और बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सूचना मिलने पर टी. पलूर पुलिस और टीएएसएमएसी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास किया। अधिकारियों ने दुकान को दो माह में अन्यत्र स्थानांतरित करने की बात कही, लेकिन प्रदर्शनकारी इस पर सहमत नहीं हुए और दुकान की ओर बढ़ गए।
जब पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने और दुकान खुलवाने की कोशिश की तो प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। बाद में अधिकारियों द्वारा शराब की दुकान को तत्काल बंद करने का ठोस आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शनकारी वहां से हट गए।
भाषा मनीषा रंजन
रंजन