राजस्थान: ट्रक ने स्कूल बस को मारी टक्कर, एक छात्र की मौत
राजस्थान: ट्रक ने स्कूल बस को मारी टक्कर, एक छात्र की मौत
जयपुर, 22 अप्रैल(भाषा) राजस्थान के बाड़मेर जिले के बायतु थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-25 पर बुधवार सुबह एक ट्रक ने निजी स्कूल बस को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में एक छात्र की मौत हो गई जबकि 12 अन्य छात्र घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक करीब 50 फीट तक बस को घसीटते हुए ले गया और उसका अगला हिस्सा बस के पीछे जा चिपका।
पुलिस के मुताबिक बस में करीब 36 बच्चे सवार थे और हादसे के बाद कई बच्चे उसी में फंस गए, जिन्हें पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।
पुलिस के अनुसार, बस में सवार छात्र एवं भीमरलाई स्टेशन निवासी विरधाराराम की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो बच्चों को जोधपुर रेफर किया गया। अन्य 10 घायल छात्रों का बालोतरा के जिला अस्पताल में उपचार चल रहा हैं। घायलों में कई बच्चों के हाथ-पैर टूट गए हैं।
पुलिस ने बताया हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया और उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर, प्रकरण की जांच की जा रही है।
भाषा बाकोलिया धीरज
धीरज

Facebook


