राजस्थान : प्रश्न पत्र लीक मामले को लेकर जयपुर में छात्रों का प्रदर्शन जारी

राजस्थान : प्रश्न पत्र लीक मामले को लेकर जयपुर में छात्रों का प्रदर्शन जारी

राजस्थान : प्रश्न पत्र लीक मामले को लेकर जयपुर में छात्रों का प्रदर्शन जारी
Modified Date: July 24, 2026 / 03:33 pm IST
Published Date: July 24, 2026 3:33 pm IST

जयपुर, 24 जुलाई (भाषा) राजस्थान की राजधानी जयपुर में प्रश्न पत्र लीक मामले को लेकर बड़ी संख्या में छात्रों ने जवाहर सर्किल पर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन में शामिल छात्रों और अन्य युवाओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज करने वाले दिल्ली पुलिस के कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई तथा प्रतियोगी परीक्षाओं को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक सुधारों की मांग की।

इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्राएं और युवतियां भी शामिल हुईं। प्रदर्शनकारी बृहस्पतिवार शाम जवाहर सर्किल पर एकत्र हुए और धरने पर बैठ गए। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राजस्थान सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा बैनर और तख्तियां लेकर विरोध जताया। यह प्रदर्शन शुक्रवार को भी जारी रहा।

प्रदर्शनकारियों ने राजस्थान में पारदर्शी तरीके से भर्ती परीक्षा प्रणाली लागू करने, प्रश्न पत्र लीक की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कड़े उपाय करने तथा कोचिंग संस्थानों की फीस और उनके कामकाज को विनियमित करने की मांग की।

बृहस्पतिवार रात पुलिस अधिकारी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से धरना समाप्त कर घर लौटने की अपील की, लेकिन उन्होंने अपना विरोध जारी रखा।

प्रदर्शन के दौरान एक युवक कथित तौर पर चाकू लेकर भीड़ में घुस आया। प्रदर्शनकारियों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले करने से पहले उसके साथ कथित रूप से मारपीट की।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

विरोध प्रदर्शन में शामिल इंजीनियरिंग के एक छात्र ने कहा, ‘‘दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने बेरहमी से लाठीचार्ज किया। हम दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हैं।’’

इस बीच, शुक्रवार को टोंक शहर में भी छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कलेक्टर कार्यालय तक मार्च निकाला और नयी दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा की।

भाषा

पृथ्वी रवि कांत


लेखक के बारे में