राजस्थान: डीग में उपखंड अधिकारी और रीडर रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार
राजस्थान: डीग में उपखंड अधिकारी और रीडर रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार
जयपुर, 19 सितंबर (भाषा) राजस्थान के डीग जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की एक टीम ने शुक्रवार को उपखंड अधिकारी (एसडीएम) व अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी को कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, डीग के उपखंड अधिकारी देवी सिंह व उपखण्ड कार्यालय के अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी (रीडर) मुकेश कुमार को 80,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया।
ब्यूरो की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायतकर्ता की शिकायत के सत्यापन के दौरान रीडर मुकेश कुमार ने डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता के निवेदन पर 80,000 रुपये पर सहमत बनी और शुक्रवार को एसडीएम देवी सिंह के कहने पर रीडर मुकेश कुमार ने कार्यालय में रिश्वत प्राप्त की।
अधिकारी ने बताया कि टीम ने उक्त राशि रीडर मुकेश कुमार की टेबल से बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने यह रिश्वत शिकायतकर्ता से उसकी विवादित जमीन का ‘रिसीवर’ आदेश कराने की एवज में मांगी थी।
भाषा पृथ्वी जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


