राजस्थान: पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल की कार पर ‘हमला’ करने के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार

Ads

राजस्थान: पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल की कार पर ‘हमला’ करने के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - October 13, 2025 / 06:42 PM IST,
    Updated On - October 13, 2025 / 06:42 PM IST

जयपुर, 13 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान के पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल की कार पर कथित रूप से हमला करने के आरोप में एक सरकारी शिक्षक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, जालौर जिले में रविवार रात एक मामूली सड़क दुर्घटना के बाद आरोपी ने पूर्व मंत्री की कार के शीशे पर मुक्के मारे थे।

पुलिस ने बताया कि यह घटना कोतवाली थानाक्षेत्र के बागोड़ा रोड पर हुई।

पुलिस के अनुसार, ओवरटेक करते समय मेघवाल की कार शिक्षक की गाड़ी से टकरा गयी थी, जिससे नाराज आरोपी ने अपनी कार पूर्व मंत्री की कार के सामने रोकी और चालक से मारपीट करने लगा।

पुलिस ने बताया कि जब मेघवाल ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो शिक्षक कथित तौर पर उनकी ओर दौड़ा और कार की खिड़की पर मुक्के मारे।

पुलिस के मुताबिक, लगभग डेढ़ मिनट बाद आरोपी मौके से फरार हो गया लेकिन बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि घटना में मेघवाल को कोई चोट नहीं आई।

मेघवाल, कांग्रेस पार्टी की जिला और ब्लॉक स्तरीय बैठकों में भाग लेने के लिए जालौर आए थे।

कोतवाली अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि हमला नहीं हुआ बल्कि दो गाड़ियों के टकराने पर उनके मालिकों के बीच बहस हुई थी।

भाषा पृथ्वी जितेंद्र

जितेंद्र