राजस्थान: धौलपुर में कार-ट्रक की भिड़ंत में पिता-पुत्र सहित तीन लोगों की मौत

Ads

राजस्थान: धौलपुर में कार-ट्रक की भिड़ंत में पिता-पुत्र सहित तीन लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - August 11, 2026 / 08:39 PM IST,
    Updated On - August 11, 2026 / 08:39 PM IST

जयपुर, 11 अगस्त (भाषा) राजस्थान के धौलपुर जिले में मंगलवार को कार और ट्रक की टक्कर में पिता-पुत्र समेत एक परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हादसा सदर थाना क्षेत्र में भागीरथपुरा मोड़ के पास हुआ।

पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान मनिया हाल शास्त्री नगर निवासी राजकुमार जैन (50), विजय (45) और विजय के बेटे आदी (15) के रूप में हुई है।

विजय, राजकुमार के भतीजे थे और लीला विहार कॉलोनी में रहते थे।

पुलिस उपाधीक्षक कृष्णाराज जांगिड़ ने बताया कि कार सवार जयपुर के पदमपुरा स्थित जैन मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे।

उन्होंने बताया कि धौलपुर-भरतपुर राजमार्ग पर भागीरथपुरा मोड़ के पास कार की ट्रक से टक्कर हो गई।

अधिकारी ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रक में बुरी तरह फंस गया।

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार को ट्रक से अलग किया।

पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि कार में फंसे तीनों लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, सरिया व्यापारी राजकुमार जैन मंगलवार सुबह अपने भतीजे विजय और विजय के बेटे आदी के साथ पदमपुरा गए थे तथा लौटते समय उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।

भाषा बाकोलिया जितेंद्र

जितेंद्र