राजस्थान : कार-ट्रक भिडंत में कार सवार तीन छात्रों की मौत

Ads

राजस्थान : कार-ट्रक भिडंत में कार सवार तीन छात्रों की मौत

  •  
  • Publish Date - September 13, 2022 / 11:43 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:28 PM IST

सीकर (राजस्थान) 13 सितंबर (भाषा) जिले के उद्योगनगर थाना इलाके में मंगलवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई, जिससे उसमें सवार तीन छात्रों की मौत हो गई।

उद्योग नगर थाना के थानाधिकारी श्रीनिवास जांगिड़ ने बताया कि मृतको की पहचान हरियाणा के जींद जिला निवासी नितिन (25), झुंझुनूं के काकोडा निवासी प्रतीक (21) तथा चूरू के सिद्धमुख थाना इलाके स्थित तांबाखेड़ी के निवासी रविन्द्र (25) पूनिया के रूप में की गई है।

उन्होंने बताया कि हादसा झुंझुनूं बाइपास पर आरटीओ तिराहे पर हुआ, जहां झुंझुनूं की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर को पार करते हुए सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।

जांगिड़ ने बताया कि हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीसरे ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

उन्होंने बताया कि तीनों मृतक दोस्त थे और सीकर में रहकर डिफेंस एकेडमी में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे।

थानाधिकारी ने बताया कि नितिन, नाना से उपहार में मिली कार को कुछ दिन पहले ही हरियाणा से सीकर लाया था और मंगलवार की सुबह वह अपने दोस्तों के साथ घूमने निकला था।

उन्होंने बताया कि तीनों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है।

भाषा सं कुंज धीरज

धीरज