राजस्थान: निकाय चुनाव के लिए मतदान, कई जगह ईवीएम में खराबी के आरोप

Ads

राजस्थान: निकाय चुनाव के लिए मतदान, कई जगह ईवीएम में खराबी के आरोप

  •  
  • Publish Date - September 11, 2026 / 11:59 AM IST,
    Updated On - September 11, 2026 / 11:59 AM IST

जयपुर, 11 सितंबर (भाषा) राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के दूसरे एवं अंतिम चरण के लिए शुक्रवार सुबह से मतदान जारी है और इस दौरान कई जगह इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में गड़बड़ी के मामले सामने आए हैं।

मतदान के शुरुआती घंटों में ही जयपुर, झुंझुनू, पुष्कर सहित कई जगह ईवीएम में खराबी की सूचनाएं सामने आईं। ईवीएम के काम नहीं करने के कारण मतदान कुछ समय के लिए रुक गया जिस पर मतदाताओं ने नाराजगी जताई।

अधिकारियों ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक चलेगा। इस चरण में छह नगर निगम, 24 नगर परिषद तथा 117 नगरपालिकाओं में चुनाव हो रहा है और कुल 4,774 वार्डों के लिए 18,266 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, दूसरे चरण में 9,758 मतदान केंद्रों पर 87,60,884 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए पात्र हैं।

इस चरण में जिन छह नगर निगमों के लिए मतदान हो रहा है, उनमें जयपुर, अजमेर, जोधपुर, कोटा, उदयपुर और पाली शामिल हैं।

राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने जयपुर के केशवनगर सामुदायिक भवन स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र का पावन अवसर है और मतदाताओं से भयमुक्त होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर के महामंदिर इलाके में एक मतदान केंद्र पर अपनी पत्नी सुनीता गहलोत, बेटे वैभव गहलोत और बहू हिमांशी गहलोत के साथ मतदान किया।

इसके बाद गहलोत ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मतदाताओं को ‘‘इसे सबक सिखाना चाहिए’’।

उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोग संविधान को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। संविधान को और मजबूत किए जाने की जरूरत है।’’

गहलोत ने आरोप लगाया कि राजस्थान में हालात ‘‘बहुत गंभीर’’ हैं और दावा किया कि राज्य की भाजपा सरकार ने पिछले ढाई साल में कुछ नहीं किया है।

वहीं भाजपा ने जोधपुर में जिला निर्वाचन अधिकारी के पास शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि वार्ड-82 के जिस मतदान केंद्र पर गहलोत ने वोट डाला वहां आचार संहिता का उल्लंघन हुआ है।

पार्टी ने आरोप लगाया कि जब गहलोत मतदान केंद्र पहुंचे तो मतदान दल का एक सदस्य उठकर ‘‘उनके पैर छूने लगा।’’

भाजपा का दावा है कि यह हरकत किसी राजनीतिक दल को अधिक अहमियत दिया जाना दिखाती है और उसने कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पाली जिले के सुमेरपुर में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मतदान शुरू होने से पहले सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लोगों से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की।

शर्मा ने कहा, ‘‘आज नगर निकाय चुनाव-2026 के द्वितीय एवं अंतिम चरण का मतदान है। आइए, हम सभी मिलकर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा एक-एक वोट नगर के विकास, बेहतर सुविधाओं और उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करता है। इसलिए मतदान के दिन घर से निकलें और अपने मत का प्रयोग जरूर करें।’’

जयपुर में वार्ड संख्या-114 के एक केंद्र पर मतदान शुरू होने के कुछ ही देर बाद मामूली विवाद हो गया जहां एक निर्दलीय उम्मीदवार के समर्थकों ने मतदान केंद्र में कांग्रेस उम्मीदवार की मौजूदगी पर आपत्ति जताई। विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।

झुंझुनूं जिले की चिड़ावा नगरपालिका में मतदान से पहले एक निर्दलीय उम्मीदवार पर कथित तौर पर हमला किया गया। उम्मीदवार अशोक शर्मा ने आरोप लगाया कि मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों ने उन पर हमला किया, जिससे उनके सिर में चोट आई।

जयपुर नगर निगम में 150 वार्ड हैं, जहां 24.33 लाख मतदाता और 2,256 मतदान केंद्र हैं। यहां कुल 723 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

जोधपुर नगर निगम में 100 वार्ड और 7.12 लाख मतदाता हैं, जबकि कोटा नगर निगम में भी 100 वार्ड हैं और 8.26 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकते हैं।

अजमेर नगर निगम में 80 वार्ड और 4.38 लाख मतदाता, उदयपुर नगर निगम में 80 वार्ड और 4.16 लाख मतदाता तथा पाली नगर निगम में 65 वार्ड और 1.81 लाख मतदाता हैं।

जयपुर के जिला निर्वाचन अधिकारी (शहर) संदेश नायक ने बताया कि मतदान दलों को प्रशिक्षण देने, चुनाव सामग्री वितरित करने और मतदानकर्मियों की तैनाती की व्यवस्था के तहत दलों को बृहस्पतिवार को रवाना किया गया।

उन्होंने बताया कि 150 वार्डों के लिए कुल 2,256 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 2,204 मुख्य मतदान केंद्र और 52 सहायक मतदान केंद्र शामिल हैं।

इससे पहले, राज्य के 162 नगर निकायों के लिए नौ सितंबर को मतदान हुआ था जिसमें कुल 76.41 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

राजस्थान के कुल 309 नगर निकायों के चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं। इनमें 10 नगर निगम, 51 नगर परिषद और 248 नगरपालिकाएं शामिल हैं। मतगणना 14 सितंबर को होगी।

भाषा पृथ्वी वैभव खारी

खारी