जयपुर, 19 मार्च(भाषा) राजस्थान के जयपुर में साइबर ठगों ने पुलिस अधिकारी बन एक महिला को ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर उससे आठ लाख रुपए लूट लिए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस उपनिरीक्षक गिरधारी लाल ने बताया कि पुरानी बस्ती निवासी गायत्री मेडतवाल को छह मार्च को कॉल आया और कॉल करने वाले ने खुद को लालकोठी थाने का अधिकारी बताया।
उन्होंने बताया कि जालसाज ने महिला से कहा कि उसका नाम जम्मू-कश्मीर में हुए एक हमले की संदिग्ध गतिविधियों में सामने आया है।
अधिकारी ने बताया कि ठगों ने महिला पर पाकिस्तान को सूचना देने का आरोप लगाया और धमकी दी कि अगर यह बात किसी को बताई तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे, यहां तक कि फांसी भी हो सकती है।
लाल ने बताया कि ठगों ने महिला को भरोसा दिलाया कि आठ लाख रुपए देने पर उसका नाम मामले से हटा दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कॉल करने वाला व्यक्ति खुद को प्रेम और मुंबई मुख्यालय का निरीक्षक बताता रहा तथा दबाव में आकर महिला ने रकम अंतरित कर दी।
नाहरगढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भाषा बाकोलिया जितेंद्र
जितेंद्र