राजस्थान: बिजली उपकरण बनाने वाली फैक्टरी में लगी भीषण आग, महिला कर्मचारी की मौत

राजस्थान: बिजली उपकरण बनाने वाली फैक्टरी में लगी भीषण आग, महिला कर्मचारी की मौत

राजस्थान: बिजली उपकरण बनाने वाली फैक्टरी में लगी भीषण आग, महिला कर्मचारी की मौत
Modified Date: April 22, 2026 / 11:39 pm IST
Published Date: April 22, 2026 11:39 pm IST

जयपुर, 22 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के जयपुर स्थित करतारपुरा औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार शाम बिजली के उपकरण बनाने वाली एक फैक्टरी में लगी भीषण आग में एक महिला कर्मचारी की मौत हो गई जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

महेश नगर थाना प्रभारी सुरेश यादव ने बताया कि मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी गोमा देवी के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि झुलसे हुए दो कर्मचारियों की पहचान बिहार के मूल निवासी अभिषेक और मनोज के रूप में हुई है।

अधिकारी ने बताया कि दोनों घायलों को इलाज के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने बताया कि करतारपुरा औद्योगिक क्षेत्र में ‘जेएमडी एंटरप्राइजेज’ नाम की फैक्टरी में बुधवार शाम को भट्टी चालू थी कि तभी अचानक उसमें से निकली चिंगारी से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।

पुलिस के मुताबिक, आग लगते ही फैक्टरी से धुआं उठने लगा, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।

मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और अंदर फंसे दो मजदूरों को बाहर निकाला।

घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने बताया कि फैक्टरी मालिकों से पूछताछ की जा रही है।

भाषा बाकोलिया जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में