नयी दिल्ली, 24 जून (भाषा) राजधानी एक्सप्रेस में एक यात्री को परोसी गई वेज बिरयानी में मक्खी मिलने की शिकायत के बाद भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने संबंधित केटरिंग फर्म पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है और उसे ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी करके पूछा है कि क्यों न उसका लाइसेंस रद्द कर दिया जाए।
शिकायतकर्ता यात्री मंगलवार को अहमदाबाद-मुंबई तेजस राजधानी एक्सप्रेस से यात्रा कर रहा था।
आईआरसीटीसी अधिकारियों ने बताया, “यात्री ने ट्रेन में खाने के लिए कॉम्बो लंच का विकल्प चुना था। जब उसने अपनी वेज बिरयानी में मक्खी होने की शिकायत की, तो ट्रेन कैप्टन और कैटरिंग प्रबंधन ने तुरंत उस पर ध्यान दिया। यात्री ने उसे परोसे गए खाने की गुणवत्ता खराब होने की भी शिकायत की।”
उन्होंने बताया, “संबंधित स्टाफ ने यात्री को हुई असुविधा के लिए माफी मांगी और उसे दूसरी बिरयानी देने की पेशकश की, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं हुआ।”
आईआरसीटीसी ने कहा कि मामले में संबंधित केटरिंग फर्म ‘आराहा हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड’ पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है और उसे ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी कर पूछा है कि मामले में क्यों न उसका लाइसेंस रद्द कर दिया जाए।
भाषा पारुल जोहेब
जोहेब