हनुमानगढ़ में बकाया अनुदान राशि के मुद्दे पर रैली, किसानों की पुलिस से झड़प

हनुमानगढ़ में बकाया अनुदान राशि के मुद्दे पर रैली, किसानों की पुलिस से झड़प

हनुमानगढ़ में बकाया अनुदान राशि के मुद्दे पर रैली, किसानों की पुलिस से झड़प
Modified Date: August 26, 2026 / 05:56 pm IST
Published Date: August 26, 2026 5:56 pm IST

जयपुर, 26 अगस्त (भाषा) राजस्थान के हनुमानगढ़ में बुधवार को एक ट्रैक्टर रैली निकाल रहे किसानों ने पुलिस के लगाए बैरिकेड तोड़ दिए और उनकी पुलिसकर्मियों के साथ झड़प हुई। आंदोलनकारी किसान ‘अटल भूजल योजना’ के तहत खेत में बनाई डिग्गियों (पानी के हौद) के लिए बकाया अनुदान राशि में कथित देरी के विरोध में यह रैली निकाल रहे थे।

यह रैली धान मंडी बाजार से शुरू हुई। पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए बैरिकेड लगाए थे। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड हटा दिए जिसके बाद कुछ किसानों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प हुई। इसके बाद ट्रैक्टर रैली जंक्शन और टाउन इलाकों से गुजरी और भारत माता चौक के पास खत्म हुई।

प्रदर्शन के दौरान किसानों ने राज्य सरकार के खिलाफ़ नारे लगाए और बकाया अनुदान राशि की रकम तुरंत जारी करने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि उन्होंने ‘अटल भूजल योजना’ के तहत खेत में डिग्गी बनाने के लिए ऋण लिया था लेकिन योजना के तहत वादा की गई सब्सिडी का ‘‘भुगतान लंबे समय से नहीं किया गया है।’’ उन्होंने कहा कि इस कारण उन पर ऋण चुकाने का दबाव है और ब्याज का बोझ बढ़ रहा है।

किसान नेता रायसाहब पचार और रेशम सिंह मानुका ने पत्रकारों को बताया कि उन्होंने कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा है लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि ‘‘किसानों के पास अपने आंदोलन को तेज करने के अलावा कोई चारा नहीं बचा है।’’

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नगर निकाय और पंचायत राज चुनाव से पहले यह प्रदर्शन करना उनकी मजबूरी थी और चेतावनी दी कि अगर सरकार उनकी मांग पूरी नहीं करती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

भाषा पृथ्वी अमित

अमित


लेखक के बारे में