मणिपुर में एनआरसी को अद्यतन करने की मांग को लेकर रैली

Ads

मणिपुर में एनआरसी को अद्यतन करने की मांग को लेकर रैली

  •  
  • Publish Date - June 8, 2026 / 04:35 PM IST,
    Updated On - June 8, 2026 / 04:35 PM IST

इंफाल, आठ जून (भाषा) मणिपुर में जनगणना से पहले हजारों लोगों ने राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) को अद्यतन करने की मांग को लेकर रैली निकाली।

यह रैली 14 नागरिक संस्थाओं ने निकाली जो इंफाल के टिड्डिम मैदान से शुरू होकर पांच किलोमीटर की दूरी तय करते हुए थाऊ मैदान पर समाप्त हुई। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

रैली में शामिल लोगों ने ‘मणिपुर की उपेक्षा न करें’ और ‘एनआरसी अद्यतन नहीं तो जनगणना नहीं’ लिखे हुए बैनर पकड़े हुए थे और वे अवैध प्रवासियों की पहचान करके उन्हें निर्वासित करने की मांग वाले नारे लगा रहे थे।

आंदोलनकारियों के प्रवक्ता शांता नाहकपम ने कहा, ‘भाजपा ने असम और पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान अवैध प्रवासियों का मुद्दा उठाया था। मणिपुर में भी अवैध प्रवासन और सीमा बाड़बंदी सहित कई मुद्दे हैं।’

उन्होंने कहा, ‘‘हमें लगता है कि केंद्र सरकार मणिपुर में एनआरसी कराने की इच्छुक नहीं है। हम चाहते हैं कि एनआरसी अद्यतन हो और उसके बाद विधानसभा सीटों का परिसीमन हो।’’

मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने मार्च में कहा था कि राज्य सरकार निष्पक्ष जनगणना सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

मणिपुर सरकार ने पहले घोषणा की थी कि जनगणना 2027 के लिए घरों की गणना का काम राज्य में एक से 30 सितंबर के बीच किया जाएगा, जिसमें 17 से 31 अगस्त तक स्व-गणना का विकल्प भी होगा।

भाषा शोभना प्रशांत

प्रशांत