ओपी चौधरी के बीजेपी प्रवेश का रमन ने किया स्वागत, गुरुवार को आएंगे, पहला दौरा खरसिया का

Ads

ओपी चौधरी के बीजेपी प्रवेश का रमन ने किया स्वागत, गुरुवार को आएंगे, पहला दौरा खरसिया का

  •  
  • Publish Date - August 28, 2018 / 12:24 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:34 PM IST

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने आईएएस ओपी चौधरी के बीजेपी प्रवेश का स्वागत किया है। उन्होंने ट्वीट किया है कि प्रशासनिक अनुभव से समृद्ध युवा शक्ति के प्रतीक ओपी चौधरी का स्वागत करता हूं। उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के मार्गदर्शन में राज्य बीजेपी के ऊर्जावान सदस्य औपी चौधरी युवाओं के लिए नया आदर्श स्थापित करेंगे। उधर, बीजेपी प्रवेश के बाद ओपी चौधरी दिल्ली से गुरुवार को पहली बार राजधानी पहुंचेंगे। उनके एयरपोर्ट से लेकर बीजेपी कार्यालय तक जोरदार स्वागत की तैयारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि वे रायपुर पहुंचने के बाद पहला दौरा खरसिया का करेंगे। 

ये भी पढ़ें- ओपी चौधरी बीजेपी में शामिल, फेसबुक पर शेयर की वीडियो और तस्वीरें

उल्लेखनीय है कि रायपुर के पूर्व कलेक्टर ओपी चौधरी ने मंगलवार को दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और सीएम रमन सिंह की मौजदूगी में पार्टी की सदस्यता ली। आने वाले विधानसभा चुनाव में बीजेपी चौधरी को उम्मीदवार बना सकती है। अटकलें लगाई जा रही है कि वे खरसिया से चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि अभी इस आशय की घोषणा नहीं हुई है। उनके इस्तीफे और बीजेपी प्रवेश को काफी गोपनीय रखा गया था। ऐसे में उनकी उम्मीदवारी को लेकर पार्टी समय आने पर ऐलान कर सकती है।

ये भी पढ़ें- कांग्रेस भवन में महिला कार्यकर्ताओं के लिए तीज उत्सव,कबड्डी खेलती नजर आई पूर्व महापौर,देखिए वीडियो

पार्टी नेताओं के मुताबिक बीजेपी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद ओपी चौधरी गुरुवार को नियमित विमान से रायपुर आने वाले हैं। बीजेपी में शामिल होने के बाद उनके यहां पहुंचने पर एयरपोर्ट से बीजेपी दफ्तर तक जोरदार स्वागत का कार्यक्रम बनाया जा रहा है। इसके लिए भाजयुमो के कार्यकर्ताओं और पार्टी के पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। यहां पार्टी दफ्तर में उन्हें एक तरह से युवा आइकॉन के रुप में प्रस्तुत किया जाएगा। पार्टी नेताओं का मानना है कि इस चुनाव में युवाओं की खासी भूमिका है और ओपी चौधरी एक बड़ा चेहरा हो सकते हैं। बताया तो यह भी जा रहा है कि उनका प्रदेश भर में दौरा कार्यक्रम भी बनाया जा सकता है। हालांकि वे सबसे पहले अपने गृहग्राम बायंग का दौरा कर सकते हैं। यह खरसिया विधानसभा के अंतर्गत आता है। ऐसे में वहां भी उनका जोरदार स्वागत हो सकता है। 

वेब डेस्क IBC24