रांची, 24 अगस्त (भाषा) रांची पुलिस की साइबर अपराध इकाई ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ को एक कानूनी नोटिस जारी कर जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच का हैंडल चलाने वाले का विवरण और अकाउंट की गतिविधियों का ब्योरा मांगा है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।’
अधिकारी ने बताया कि इस खाते से झारखंड सरकार की कार्रवाइयों के बारे में कथित तौर पर ‘झूठी और मनगढ़ंत’ जानकारी वाले वीडियो और तस्वीरें पोस्ट की जा रही थीं।
यह नोटिस 22 अगस्त को जारी किया गया था। इससे एक दिन पहले रांची के कोतवाली थाने में सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिस के साथ झड़प करने के आरोप में 14 नामजद और 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई थीं।
रांची के पुलिस उप-अधीक्षक (डीएसपी-साइबर) पंकज कुमार ने बताया, ‘झूठी और भ्रामक जानकारी फैलाने के संबंध में दर्ज एक आपराधिक मामले की जांच के सिलसिले में ‘एक्स’ को यह नोटिस जारी किया गया है। हमारे संज्ञान में आया है कि ‘एक्स’ हैंडल जेपीएससी रिफॉर्म्स मंच का उपयोग लगातार ऐसी वीडियो और तस्वीरें पोस्ट करने के लिए किया जा रहा है, जो झारखंड सरकार के कदमों के बारे में गलत और फर्जी खबरें फैलाती हैं।’
उन्होंने बताया कि रांची पुलिस ने ‘एक्स’ की कानूनी टीम से अकाउंट चलाने वाले का पूरा नाम, आवासीय पता, फोन नंबर और पंजीकृत ईमेल आईडी उपलब्ध कराने को कहा है।
अधिकारी ने कहा कि साइबर पुलिस ने 10 अगस्त और उससे पहले के दिनों के लिए लॉग-इन और लॉग-आउट रिकॉर्ड (सटीक तारीख, समय और आईपी एड्रेस सहित) के साथ-साथ अकाउंट की गतिविधियों का ब्यौरा भी मांगा हैं।
नोटिस के अनुसार, इस खाते पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353, धारा 196, धारा 356 (मानहानि) और आईटी अधिनियम की धारा 67 के तहत आरोप लगाए गए हैं।
इससे पहले रविवार को पुलिस ने एक परामर्श जारी कर आयोजकों से कहा था कि वे सार्वजनिक स्थानों पर धरना, प्रदर्शन, जुलूस, रैली या जनसभा आयोजित करने के लिए पूर्व अनुमति लें और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करें।
भाषा सुमित माधव
माधव