रांची, 22 सितंबर (भाषा) झारखंड के रांची जिले में गश्त लगा रही पुलिस की एक टीम पर अज्ञात व्यक्तियों ने गोलीबारी की जिसमें एक कांस्टेबल घायल हो गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
घटना खलारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत पूर्वी राय इलाके में रविवार को रात करीब साढ़े 11 बजे हुई।
खलारी के थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो ने बताया, ‘‘कांस्टेबल राम सारिक को रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज हो रहा है। हमने बदमाशों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।’’
उन्होंने बताया, ‘‘पुलिसकर्मी पूर्वी राय इलाके में नियमित गश्त पर थे, तभी बदमाशों ने गोलीबारी शुरू कर दी। हम बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं।’’
भाषा सुरभि वैभव
वैभव