रानी पद्मिनी का बलिदान महिलाओं की गरिमा और राष्ट्र की अस्मिता की रक्षा के संकल्प का प्रतीक: योगी

रानी पद्मिनी का बलिदान महिलाओं की गरिमा और राष्ट्र की अस्मिता की रक्षा के संकल्प का प्रतीक: योगी

रानी पद्मिनी का बलिदान महिलाओं की गरिमा और राष्ट्र की अस्मिता की रक्षा के संकल्प का प्रतीक: योगी
Modified Date: March 15, 2026 / 06:56 pm IST
Published Date: March 15, 2026 6:56 pm IST

जयपुर, 15 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि चित्तौड़गढ़ किले में रानी पद्मिनी का बलिदान महिलाओं की गरिमा और राष्ट्र की अस्मिता की रक्षा के संकल्प का प्रतीक है।

आदित्यनाथ ने चित्तौड़गढ़ में आयोजित जौहर मेला और श्रद्धांजलि समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि मेवाड़ की महिलाओं द्वारा किया गया ऐतिहासिक जौहर साहस, आत्मसम्मान और दृढ़ संकल्प का परिचायक है।

उन्होंने कहा कि जब उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनी तो अपराध और अपराधियों के प्रति किसी प्रकार की कोई नरमी नहीं बरतने की नीति अपनाई गई और महिलाओं की गरिमा व सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई।

मुख्यमंत्री ने कहा, “पहले लड़कियों को पढ़ाई के लिए दूर-दराज रिश्तेदारों के घर रहना पड़ता था लेकिन अब वे अपने घर पर रहकर पांच से दस किलोमीटर दूर स्थित स्कूलों तक जा सकती हैं।”

उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में बेटियां और बहनें रात की शिफ्ट में भी दफ्तरों व फैक्टरियों में काम करती हैं व सुरक्षित घर लौटती हैं।

योगी ने कहा कि यह राज्य में बेहतर सुरक्षा वातावरण का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हुए बदलावों की प्रेरणा राजस्थान की वीरता और परंपराओं से भी मिली है, विशेषकर मेवाड़ व चित्तौड़गढ़ की विरासत से।

उन्होंने कहा कि जब भी चित्तौड़गढ़ और मेवाड़ की वीरता व शौर्य की चर्चा होती है, तो योद्धाओं के साहस और वीरांगनाओं के बलिदान की कहानियां सामने आती हैं।

योगी ने मेवाड़ की महिलाओं के जौहर और मीरा बाई की भक्ति को याद करते हुए कहा कि ऐसी परंपराएं पूरे देश को प्रेरित करती हैं।

उन्होंने कार्यक्रम से पहले किले में जौहर स्थल पर जाकर वीरांगनाओं को श्रद्धांजलि दी और कालिका माता मंदिर में पूजा की।

इस अवसर पर केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी मौजूद रहे।

भाषा बाकोलिया जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में