राव नरेंद्र ने की खरगे से मुलाकात, संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की

राव नरेंद्र ने की खरगे से मुलाकात, संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की

राव नरेंद्र ने की खरगे से मुलाकात, संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की
Modified Date: September 22, 2026 / 06:30 pm IST
Published Date: September 22, 2026 6:30 pm IST

चंडीगढ़, 22 सितंबर (भाषा) हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख राव नरेंद्र सिंह ने मंगलवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की और राज्य इकाई के संगठनात्मक कार्यक्रमों तथा अन्य मुद्दों पर चर्चा की।

नयी दिल्ली में हुई इस बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने हरियाणा के मौजूदा राजनीतिक हालात, प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के संगठनात्मक कार्यक्रमों तथा अगले कुछ महीनों के लिए पार्टी की प्राथमिकताओं और रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी बयान के अनुसार, राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि खरगे के साथ उनकी बातचीत बेहद सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक रही।

उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष को पिछले दो महीनों के दौरान हरियाणा पीसीसी द्वारा चलाए गए विभिन्न जनहित कार्यक्रमों की जानकारी दी।

सिंह ने हरियाणा के लोगों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर पार्टी द्वारा आयोजित धरनों, विरोध प्रदर्शनों और जन आंदोलनों तथा केंद्र और राज्य में भाजपा सरकारों की ‘जनविरोधी नीतियों’ के खिलाफ चलाए गए कार्यक्रमों से भी खरगे को अवगत कराया।

सिंह ने खरगे को हरियाणा पीसीसी द्वारा तैयार की गई तीन महीने की संगठनात्मक रूपरेखा के बारे में भी जानकारी दी।

इस रूपरेखा का उद्देश्य बूथ स्तर तक पार्टी संगठन को और मजबूत करना, कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सक्रिय एवं लामबंद करना तथा पूरे हरियाणा में निरंतर कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों और जन आंदोलनों के माध्यम से लोगों को प्रभावित करने वाले मुद्दों को उठाना है।

सिंह के अनुसार, खरगे ने पिछले दो महीनों में हरियाणा पीसीसी द्वारा किए गए संगठनात्मक कार्यों पर संतोष व्यक्त किया और अगले तीन महीनों के लिए तैयार की गई रूपरेखा की सराहना की।

खरगे ने जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूत करने, कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सक्रिय रूप से जोड़े रखने तथा लोगों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाने के महत्व पर जोर दिया।

सिंह ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा दिए गए मार्गदर्शन और सुझाव हरियाणा में पार्टी के संगठनात्मक प्रयासों को गति प्रदान करेंगे।

भाषा हक अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में