सिरसा, 16 सितंबर (भाषा) डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह 21 दिन की फरलो अवधि समाप्त होने के बाद बुधवार को रोहतक की सुनारिया जेल लौट गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
राम रहीम अपनी दो शिष्याओं से दुष्कर्म के मामले में 20 साल की जेल की सजा काट रहा है। अगस्त 2017 में दोषी ठहराए जाने के बाद यह उसकी 17वीं फरलो थी।
गुरमीत राम रहीम 21 दिन की फरलो मंजूर होने के बाद पिछले महीने रोहतक की सुनारिया जेल से बाहर आया था। फरलो अवधि के दौरान वह सिरसा स्थित अपने डेरा मुख्यालय में रहा।
मई में उसे 30 दिन की पैरोल दी गई थी और उससे पहले जनवरी में उसे 40 दिन की पैरोल मिली थी।
पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने एक पत्रकार की हत्या के 2002 के मामले में गुरमीत राम रहीम सिंह को गत मार्च में बरी कर दिया था। इस मामले में सीबीआई की एक विशेष अदालत ने उसे दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी।
सीबीआई की विशेष अदालत के एक अन्य आदेश को पलटते हुए उच्च न्यायालय ने डेरा के पूर्व प्रबंधक रणजीत सिंह की 2002 में हुई हत्या के मामले में राम रहीम और चार अन्य को मई 2024 में बरी कर दिया था।
सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा के हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और अन्य राज्यों में बड़ी संख्या में अनुयायी हैं। हरियाणा में सिरसा, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, कैथल और हिसार समेत कई जिलों में डेरा के काफी अनुयायी हैं।
भाषा जितेंद्र अमित
अमित