रश्मिका मंदाना ने निजी ऑडियो लीक होने के बाद कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी

Ads

रश्मिका मंदाना ने निजी ऑडियो लीक होने के बाद कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी

  •  
  • Publish Date - March 12, 2026 / 08:06 PM IST,
    Updated On - March 12, 2026 / 08:06 PM IST

नयी दिल्ली, 12 मार्च (भाषा) अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह उन लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगी जो उनकी ”पुरानी निजी बातचीत” को अब फैलाकर उनके विवाह के तुरंत बाद विवाद पैदा कर रहे हैं।

मंदाना की पहले कन्नड़ अभिनेता रक्षित शेट्टी से सगाई हुई थी, लेकिन उन्होंने एक साल बाद, 2018 में यह सगाई तोड़ दी थी।

अभिनेत्री ने हाल ही में जोधपुर में एक भव्य समारोह में अपने साथी कलाकार विजय देवरकोंडा से शादी की।

मंदाना ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘मेरे प्यारे लोगों के लिए, जो इस अद्भुत यात्रा में मेरे साथ रहे हैं, और उन सभी के लिए जो इस मामले से जुड़े हैं। आठ साल हो गए हैं जब मीडिया के कुछ वर्गों और डिजिटल तौर पर सक्रिय व्यक्तियों द्वारा मेरे खिलाफ गलत जानकारी फैलाने, उत्पीड़न करने और लक्षित हमलों का अभियान शुरू किया गया था।’

अभिनेत्री ने कहा कि उन्होंने ‘अनुचित आलोचना’ का सामना करते हुए धैर्य और मौन बनाए रखा, लेकिन अब और नहीं।

उन्होंने कहा, ‘…पिछले 24 घंटों में जो कुछ हुआ है, उसने एक ऐसी सीमा रेखा पार की जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।’

उन्नतीस वर्षीय अभिनेत्री ने कहा, ’29 वर्षीय अभिनेत्री ने कहा, “लगभग आठ साल पुरानी मानी जाने वाली एक निजी बातचीत को, इसमें शामिल लोगों की जानकारी या अनुमति के बिना रिकॉर्ड और प्रसारित किया गया प्रतीत होता है। उस बातचीत का एक छोटा हिस्सा अब जानबूझकर संदर्भ से काटकर प्रसारित किया गया है, ताकि मेरे व्यक्तिगत जीवन में हाल ही में हुई घटनाओं के साथ रणनीतिक रूप से मेल खाने वाले एक और असुविधाजनक विवाद को उत्पन्न किया जा सके।’

मंदाना ने कहा कि उनके परिवार और जिन लोगों के साथ उनके ‘सौहार्दपूर्ण संबंध’ हैं, उन्हें भी इस विवाद में घसीटा गया है।

उन्होंने कहा, ‘यह निजता का गंभीर उल्लंघन और भ्रामक एवं मानहानिकारक सामग्री का प्रसार है। हम जीवन में आगे बढ़ते हैं, विकास करते हैं, सार्थक कार्य करते हैं और सकारात्मकता फैलाते हैं, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोग दूसरों की गरिमा और शांति की कीमत पर नफरत और विवाद पैदा करना जारी रखते हैं।’

अभिनेत्री ने कहा, ‘आठ साल तक, जब हमले केवल मुझ तक ही सीमित थे, मैंने मौन बनाए रखा। आज, जबकि अन्य लोगों को भी इसमें घसीटा जा रहा है, मैं अब और चुप नहीं रह सकती। मैंने एक सीमा तय करने का फैसला किया है।’

अभिनेत्री ने ‘मीडिया प्लेटफ़ॉर्म’, ‘इन्फ्लुएंसर्स’ और अन्य लोगों से जो इस ऑडियो और उससे जुड़ी खबरें फैला रहे हैं से आग्रह किया कि वे इन्हें ”तुरंत हटा दें”।

मंदाना ने 24 घंटे के भीतर सामग्री नहीं हटाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

भाषा तान्या पवनेश

पवनेश