असम में दो माह के लिए राशन वितरण स्थगित किया गया

Ads

असम में दो माह के लिए राशन वितरण स्थगित किया गया

  •  
  • Publish Date - June 1, 2026 / 02:57 PM IST,
    Updated On - June 1, 2026 / 02:57 PM IST

गुवाहाटी, एक जून (भाषा) असम सरकार ने सोमवार को घोषणा की कि हाल में हुए विधानसभा चुनावों के बाद लेखानुदान बजट की व्यवस्था जारी रहने के कारण सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत रियायती दरों पर दाल, चीनी और नमक के वितरण को दो महीने के लिए स्थगित कर दिया गया है।

समाचार पत्रों में प्रकाशित एक विज्ञापन में खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने कहा कि पात्र लोगों को सब्सिडी दर पर दी जा रही इन तीन खाद्य सामग्री की आपूर्ति जून से दो महीने के लिए बंद कर दी गई है।

विभाग ने कहा कि राज्य अभी लेखानुदान बजट व्यवस्था के तहत काम कर रहा है और 2026-27 का पूर्ण बजट नयी सरकार द्वारा जुलाई में पेश किया जाएगा।

विभाग ने कहा, ‘‘नयी सरकार जुलाई में पूर्ण बजट पेश करेगी और उसके पारित होने के बाद अगस्त से यह योजना फिर शुरू होगी।’’

हालांकि, इस दौरान मासिक मुफ्त चावल का वितरण बिना किसी रुकावट के जारी रहेगा।

सरकार ने कहा कि यदि किसी दुकान में मई के वितरण के बाद मसूर दाल, चीनी और नमक बचा हो तो वह इस महीने गरीब परिवारों को दिया जाएगा।

भाषा

खारी नरेश

नरेश