त्रिपुरा जनजातीय परिषद के चुनाव में रिकॉर्ड 83 फीसदी मतदान

Ads

त्रिपुरा जनजातीय परिषद के चुनाव में रिकॉर्ड 83 फीसदी मतदान

  •  
  • Publish Date - April 12, 2026 / 08:53 PM IST,
    Updated On - April 12, 2026 / 08:53 PM IST

(तस्वीर सहित)

अगरतला, 12 अप्रैल (भाषा) त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद (टीटीएएडीसी) के लिए रविवार को हुए चुनाव में कुल 9.62 लाख मतदाताओं में से करीब 83 फीसदी ने मतदान किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पूर्वोत्तर राज्य के 28 सदस्यीय टीटीएएडीसी चुनाव के लिए सभी आठ जिलों में 1,257 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। इस चुनाव में विभिन्न राजनीतिक दलों के 173 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करने के लिए 9,62,547 मतदाता पात्र थे।

टीटीएएडीसी राज्य के भौगोलिक क्षेत्र के दो-तिहाई हिस्से में फैला है और यहां 13 लाख की आबादी रहती है।

राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) के सचिव अनुराग सेन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘शाम सात बजे तक लगभग 83 प्रतिशत मतदान हो चुका है और अंतिम रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई हैं। इसलिए यह संख्या और बढ़ सकती है।’’

भाजपा और टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) ने चुनाव में भारी मतदान के लिए मतदाताओं और मतदान अधिकारियों को धन्यवाद दिया।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य ने एक प्रेस वार्ता में कहा, ‘‘मतदान प्रतिशत 80 प्रतिशत से अधिक हो चुका है। यह दर्शाता है कि मतदाताओं ने स्वेच्छा से लोकतंत्र के इस उत्सव में भाग लिया। हमें चुनाव जीतने का पूरा भरोसा है।’’

टीएमपी के संस्थापक प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा ने भी बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए मतदाताओं को बधाई दी।

पुलिस प्रवक्ता ने कहा, ‘‘उपलब्ध जानकारी के अनुसार, भाजपा और टिपरा मोथा समर्थकों के बीच कुछ झड़पों को छोड़कर मतदान प्रक्रिया काफी हद तक शांतिपूर्ण रही है। पुलिस महानिदेशक अनुराग व्यक्तिगत रूप से सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी में जुटे रहे ताकि शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित हो सके।’’

भाषा संतोष नरेश

नरेश