परियोजनाओं में देरी पर ठेकेदार से हो वसूली: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
परियोजनाओं में देरी पर ठेकेदार से हो वसूली: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
जयपुर, 28 अगस्त (भाषा) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों से सड़क जैसी ढांचागत परियोजनाओं में निर्माण कार्य में अकारण देरी के मामले में ठेकेदारों से वसूली करने को कहा है। शर्मा ने सड़क निर्माण में गुणवत्तापूर्ण काम सुनिश्चित करने को कहा है।
शर्मा बृहस्पतिवार को सार्वजनिक निर्माण विभाग की वित्त वर्ष 2025-26 की बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने सड़क, बायपास, आरओबी और आरयूबी जैसी जनउपयोगी आधारभूत संरचनाओं के निर्माण में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में घटिया सामग्री का उपयोग पाए जाने और अकारण देरी पर ठेकेदार (कॉन्ट्रेक्टर) के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उनसे वसूली की जाए।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अनियमितता पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर उनके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्यवाही को कहा है।
उन्होंने विभागीय परियोजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें समयबद्ध रूप से पूरा करने के लिए निर्देशित किया। साथ ही, उन्होंने प्रस्तावित परियोजनाओं के संबंध में भी मार्गदर्शन प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों का ड्रोन सर्वे करवाकर 20 अक्टूबर से पहले मरम्मत आदि का काम पूरा करें।
भाषा
पृथ्वी
रवि कांत पवनेश
पवनेश

Facebook


