नयी दिल्ली, 27 जून (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में साझा सीट आवंटन प्रणाली (सीएसएएस) के माध्यम से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के पंजीकरण का पहला चरण शुरू हो गया है।
इस संबंध में 26 जून को जारी की गई एक अधिसूचना के अनुसार, जिन अभ्यर्थियों ने साझा विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी-यूजी) 2026 में भाग लिया है और वे विश्वविद्यालय के कॉलेजों में दाखिला लेना चाहते हैं, वे सीएसएएस पोर्टल पर पंजीकरण करा सकते हैं।
दिल्ली विश्वविद्यालय के 67 कॉलेजों में 73 स्नातक (यूजी) और 100 से अधिक बीए पाठ्यक्रमों में दाखिला केवल सीयूईटी-यूजी 2026 के अंकों के आधार पर मिलेगा। इसके लिए छात्रों को विश्वविद्यालय द्वारा तय की गई पाठ्यक्रम-विशिष्ट योग्यताएं पूरी करनी होंगी।
विश्वविद्यालय के अनुसार, अभ्यर्थी केवल अपने सीयूईटी-यूजी 2026 के आवेदन नंबर का उपयोग करके सीएसएएस पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं। एक नयी पहल के तहत, पोर्टल पर जानकारी भरने की गलतियों को कम करने और सुरक्षा बढ़ाने के लिए भारत सरकार के ‘एपीआई सेतु’ के माध्यम से उम्मीदवार का नाम, जन्म तिथि, फोटो और हस्ताक्षर जैसे जरूरी विवरणों को स्वतः जोड़ दिया गया है।
शुरुआती पंजीकरण पूरा करने के बाद, अभ्यर्थियों को सीएसएएस के दूसरे चरण में भाग लेना होगा। इसके दौरान उन्हें अपने पसंदीदा पाठ्यक्रमों और कॉलेज के विकल्पों के लिए अपनी प्राथमिकताएं चुननी होंगी।
दूसरे चरण में अभ्यर्थियों को अपने सीयूईटी-यूजी प्रश्नपत्रों का मिलान 12वीं कक्षा में पढ़े गए विषयों से करना होगा। विश्वविद्यालय ने कहा कि पाठ्यक्रमों की पात्रता तय करने और अभ्यर्थियों के अंकों की गणना करते समय केवल उन्हीं भाषा और विषय आधारित सीयूईटी प्रश्नपत्रों पर विचार किया जाएगा, जिन विषयों को छात्र ने 12वीं कक्षा में पढ़ा और उत्तीर्ण किया है।
अधिसूचना के अनुसार, दूसरे चरण की समय-सारणी जल्द जारी की जाएगी।
भाषा प्रचेता गोला
गोला