नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने असम में बाढ़ के हालात को लेकर बुधवार को पूर्वोत्तर राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा से फोन पर बात की और उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
गुप्ता ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि दिल्ली की जनता और दिल्ली सरकार संकट की इस घड़ी में असम के लोगों के साथ पूरी संवेदना और एकजुटता के साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा, “असम में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित सभी परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। इस प्राकृतिक आपदा ने अनगिनत लोगों के जीवन को गहराई से प्रभावित किया है।”
गुप्ता ने कहा कि आज शर्मा से फोन पर बातचीत हुई है और इस दौरान उन्होंने असम के मुख्यमंत्री को अवगत कराया है कि दिल्ली सरकार हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः तैयार है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों के लिए किए जा रहे समर्पित और सतत प्रयास सराहनीय हैं।
उन्होंने कहा, “ईश्वर से प्रार्थना है कि वह सभी प्रभावित परिवारों को इस असीम पीड़ा को सहने का संबल प्रदान करे, दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दे तथा राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी सभी टीमों को सुरक्षित रखते हुए सफलता प्रदान करे।”
पूर्वोत्तर राज्य में बाढ़ से अब तक 75 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3.32 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।
भाषा नोमान
नोमान पवनेश
पवनेश