आई-पैक निदेशक ऋषि राज सिंह के प्रतिनिधि छापेमारी मामले में ईडी के समक्ष पेश हुए
आई-पैक निदेशक ऋषि राज सिंह के प्रतिनिधि छापेमारी मामले में ईडी के समक्ष पेश हुए
नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (भाषा) राजनीतिक परामर्श फर्म आई-पैक के निदेशक ऋषि राज सिंह के एक कानूनी प्रतिनिधि सोमवार को दिल्ली में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश हुए। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
अधिकारियों ने बताया कि ऋषि राज सिंह के एक कानूनी प्रतिनिधि हाल ही में की गई छापेमारी के दौरान जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से डेटा निकालने की प्रक्रिया में एजेंसी की मदद करने के लिए उसके समक्ष पेश हुए।
वर्ष 2015 में स्थापित यह कंपनी कई राजनीतिक दलों को राजनीतिक परामर्श सेवाएं प्रदान करती है, जिनमें दो चुनावी राज्यों में सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस (पश्चिम बंगाल) और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (तमिलनाडु) भी शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि इसमें सिंह, विनेश चंदेल और प्रतीक जैन सहित तीन संस्थापक निदेशक हैं।
अधिकारियों ने बताया कि दो अप्रैल को सिंह के खिलाफ की गई छापेमारी के दौरान कार्यकारी के परिसर से जब्त किए गए कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से डेटा निकालने में सहायता करने के लिए सिंह के एक अधिकृत प्रतिनिधि जांच अधिकारी के समक्ष पेश हुए।
केंद्रीय जांच एजेंसी ने 13 अप्रैल को दिल्ली में पूछताछ के बाद चंदेल को इस मामले में गिरफ्तार किया था। वह वर्तमान में ईडी की हिरासत में हैं।
यह जांच दिल्ली पुलिस द्वारा इंडियन पीएसी कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड (आई-पैक) के खिलाफ खातों में हेराफेरी और निदेशकों के माध्यम से बेहिसाब धन के प्रबंधन के आरोपों पर दर्ज प्राथमिकी से शुरू हुई है।
भाषा अमित रंजन
रंजन

Facebook


